Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी थाना क्षेत्र में बुधवार शाम कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले उस समय अफरातफरी मच गई, जब कुछ शिवभक्त कांवड़ियों ने एक डग्गामार वाहन में जमकर तोड़फोड़ कर दी. बताया जा रहा कि वाहन की साइड एक कांवड़िए को लग गई थी, जिसके बाद मौके पर मौजूद श्रद्धालु आक्रोशित हो गए और वाहन पर हमला कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. काफी देर तक समझानेबुझाने के बाद हालात पर काबू पाया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा, जिसकी पुलिस जांच कर रही.

वाहन की साइड लगने पर बढ़ा विवाद
जानकारी के अनुसार, पुरकाजी कस्बे से गुजर रहे कांवड़ियों के बीच उस समय तनाव पैदा हो गया, जब एक डग्गामार वाहन की साइड एक कांवड़िए को लग गई. इसके बाद कुछ श्रद्धालु भड़क उठे और वाहन में तोड़फोड़ शुरू कर दी. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. स्थिति तनावपूर्ण बन गई. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास शुरू किया.
ये भी पढे़ं
घंटों की मशक्कत के बाद सामान्य हुए हालात
पुलिस अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन ने काफी देर तक कांवड़ियों को समझाया. घंटों की मशक्कत के बाद मामला शांत हुआ और श्रद्धालु अपनेअपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए. घटना के दौरान किसी के गंभीर रूप से घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है. साथ ही कांवड़ खंडित होने की भी पुष्टि नहीं हुई है.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. पुलिस इन वीडियो की जांच कर रही है, ताकि हंगामे और तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान की जा सके. अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के आधार पर तथ्यों की पुष्टि की जा रही है और शिकायत मिलने पर संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जाएगी.
SP सिटी बोले कानून हाथ में न लें
मुजफ्फरनगर के SP सिटी अमृत जैन ने बताया कि बुधवार शाम पुरकाजी कस्बे से हंगामे की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांतिपूर्वक समझाकर शांति व्यवस्था बहाल कराई. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच की जा रही है. दोषियों की पहचान की जा रही है. थाने में प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि गुजर रहे श्रद्धालुओं की कांवड़ को वाहन ने छू लिया था, जिसके बाद विवाद बढ़ा और हंगामा हुआ. हालांकि अभी तक किसी गंभीर चोट या जनहानि की सूचना नहीं मिली है. कांवड़ के खंडित होने की भी पुष्टि नहीं हुई है.
कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट
गौरतलब है कि 30 जुलाई से सावन मास शुरू होने जा रहा है. उससे पहले ही हरिद्वार से जल लेकर लौटने वाले शिवभक्त कांवड़ियों का आवागमन मुजफ्फरनगर से शुरू हो चुका है. हर साल लाखों श्रद्धालु हरिद्वार से गंगाजल लेकर दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों की ओर इसी मार्ग से गुजरते हैं. इसे देखते हुए पुलिस और प्रशासन पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट मोड पर हैं.
एसपी सिटी अमृत जैन ने श्रद्धालुओं और आम लोगों से अपील की कि किसी भी परिस्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें.



