लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला. राहुल गांधी ने दावा किया कि सरकार के करीब 200 अधिकारी विपक्ष के संपर्क में हैं और उन्हें अंदर की जानकारी दे रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘आपकी सरकार के 200 अफसर हमारे संपर्क में हैं और हमें जानकारी दे रहे हैं… EDCBI, विदेश मंत्रालय के अंदर से सभी हमें इन्फॉर्मेशन दे रहे हैं… आपको जो करना है करो… सच्चाई हमारे साथ है.’

राहुल गांधी ने कहा कि चुनावी प्रक्रिया और वोटर लिस्ट को लेकर विपक्ष जो सवाल उठा रहा है, उसे दबाने की कोशिश की जा रही है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बचा रही है और इसी वजह से उनके खिलाफ प्रदर्शन करने वालों को दिल्ली आने से रोका जा रहा है.
‘दिल्ली को किला बना दिया गया है’
CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि लोगों को राजधानी आने से रोका जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि ट्रेन और बसों से आने वाले लोगों को भी रोका जा रहा है और पूरी दिल्ली को किले में तब्दील कर दिया गया है. राहुल गांधी ने कहा, ‘लोगों को दिल्ली आने से रोका जा रहा है.. ट्रेन, बसों को रोका जा रहा है… दिल्ली को किला बना दिया गया है… सब जगह पुलिस है.’
राहुल गांधी ने कहा कि सरकार जितनी अधिक सुरक्षा व्यवस्था करेगी, विपक्ष का सवाल उतना ही प्रमुखता से सामने आएगा. राहुल गांधी ने कहा कि वे चाहते हैं कि दिल्ली की सड़कों पर 20 से 30 हजार पुलिसकर्मी तैनात रहें, ताकि देश देख सके कि सरकार किस तरह ज्ञानेश कुमार को बचाने की कोशिश कर रही है.
’50 फीसदी पुलिसकर्मी हमारे साथ’
राहुल गांधी ने दावा किया कि दिल्ली पुलिस, CRPF और ITBP के जवानों के बीच भी युवाओं के साथ हो रही कार्रवाई को लेकर नाराजगी है. उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी उनसे कह रहे हैं कि युवाओं को क्यों पीटा जा रहा है और वे उनके साथ बदसलूकी नहीं करना चाहते. राहुल गांधी ने दावा किया कि करीब 50 फीसदी पुलिसकर्मी उनके आंदोलन का समर्थन कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन के लोग भी सरकार के रवैये से परेशान हैं.
‘सरकार बहुत बड़ी गलती कर रही है’
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि वोट चोरी के खिलाफ विपक्ष के आंदोलन को दबाने की कोशिश की जा रही है. राहुल गांधी ने बीजेपी और RSS पर युवाओं के खिलाफ कार्रवाई कराने का आरोप भी लगाया. राहुल गांधी ने कहा कि सरकार प्रदर्शन को रोककर बड़ी गलती कर रही है. उनके मुताबिक, विपक्ष इस आंदोलन के जरिए जनता के सामने यह मुद्दा रखना चाहता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य चुनाव आयुक्त को क्यों बचा रहे हैं.
‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा क्यों नहीं दे रहे?’
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि विपक्ष को जंतरमंतर तक जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है और प्रदर्शन के लिए उचित जगह भी उपलब्ध नहीं कराई गई है. राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष चुनाव आयोग की निष्पक्षता और वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ियों पर सवाल उठाता रहेगा. राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई. उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठा रहा है और चुनाव आयोग को इनका जवाब देना चाहिए.
CJI से मुलाकात नहीं हुई, अब सुप्रीम कोर्ट में याचिका
राहुल गांधी ने बताया कि उन्होंने और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सीजेआई जस्टिस सूर्यकांत को चिट्ठी लिखकर मुलाकात का समय मांगा था. राहुल गांधी के मुताबिक, CJI ने उन्हें जवाब देते हुए याचिका दायर करने को कहा. उन्होंने कहा कि अब वह और INDIA गठबंधन के सांसद सुप्रीम कोर्ट जाकर याचिका दाखिल करेंगे. राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और लोकतंत्र से जुड़े अपने सवालों को अदालत के सामने रखेगा.



