Begusarai News: बेगूसराय में बुधवार शाम गंगा नदी में मजदूरों से भरी एक नाव पलट गई. हादसा बछवाड़ा थाना क्षेत्र के चमथा1 पंचायत के चमथा रजौली के पास गंगा पार ढाव दियारा इलाके में हुआ. नाव पर करीब 30 से 35 लोग सवार थे. हादसे में दो लोग लापता हो गए, जबकि चार लोग घायल हो गए. नाव पलटने के बाद कई लोगों ने तैरकर अपनी जान बचाई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. लापता लोगों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.

परवल की रोपनी कर लौट रहे थे मजदूर

जानकारी के मुताबिक, चमथा रजौली गांव के करीब 30 से 35 मजदूर गंगा नदी पार लगभग तीन किलोमीटर दूर ढाव दियारा इलाके में परवल की रोपनी करने गए थे. बुधवार शाम काम खत्म होने के बाद सभी एक ही नाव पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान बीच नदी में नाव अचानक डगमगाने लगी और पलट गई. नाव पलटते ही नदी में चीखपुकार मच गई. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। नाव पर सवार लोगों ने किसी तरह तैरकर बाहर निकलने की कोशिश की. ज्यादातर लोग सुरक्षित किनारे पहुंच गए, लेकिन दो लोग गंगा की तेज धारा में बह गए. हादसे के बाद से दोनों का पता नहीं चल सका है.

2 घायलों की हालत गंभीर

स्थानीय लोगों की मदद से नदी से बाहर निकाले गए घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. इनमें चमथा रजौली निवासी उदगार महतो की बेटी पूनम कुमारी और विशो महतो का बेटा चंदन कुमार शामिल हैं. दोनों को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बछवाड़ा में भर्ती कराया गया है. वहीं, दो अन्य घायलों का इलाज स्थानीय निजी अस्पताल में चल रहा है.

अस्पताल में भर्ती चंदन कुमार और उनके दादा भोला महतो ने बताया कि सभी मजदूर काम खत्म करने के बाद एक ही नाव से वापस लौट रहे थे. उनके मुताबिक, नाव पर क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे. इसी वजह से नाव असंतुलित होकर नदी में पलट गई.

लापता लोगों की तलाश में जुटी टीम

हादसे की सूचना मिलने के बाद एसडीपीओ कृष्ण कुमार, अंचलाधिकारी प्रीतम गौतम और बछवाड़ा थानाध्यक्ष विकास कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. प्रशासन की निगरानी में स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता लोगों की तलाश की जा रही है. एसडीपीओ कृष्ण कुमार ने बताया कि नाव पलटने से दो लोगों के डूबने की सूचना मिली है. लापता लोगों को खोजने के लिए स्थानीय गोताखोरों और प्रशासन की टीम की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.