Featured Image

कांकसा के जंगल में मिले 4 मानव कंकाल

पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान के कांकसा थाना क्षेत्र में एक साथ चार मानव कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई. घटना मलानदिघी के जाठगढ़िया मोड़ इलाके की है. यहां जंगल के काफी अंदर कंकाल पड़े मिले. सूचना मिलने के बाद कांकसा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और कंकाल बरामद किए.

पुलिस सूत्रों के अनुसार, स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जंगल के अंदर तलाशी अभियान चलाया. इसी दौरान चार मानव कंकाल बरामद हुए. इसके बाद घटनास्थल को घेर लिया गया और फॉरेंसिक विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में कंकालों को बरामद किया गया. पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में भी तलाशी ली, ताकि मामले से जुड़े अन्य सुराग मिल सकें.

पेड़ से लटकती मिलीं चार रस्सियां

बताया जा रहा है कि जिस जगह कंकाल मिले, उसके पास एक पेड़ से चार रस्सियां लटकती हुई दिखाई दीं. पेड़ के नीचे से एक नायलॉन का बैग भी बरामद हुआ है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस बैग से मिले सुरागों के आधार पर मृतकों की पहचान और उनके संबंध में जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है. कंकालों के आकार को देखकर प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि इनमें से एक कंकाल किसी बच्चे का हो सकता है. हालांकि, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है.

फॉरेंसिक जांच के बाद सामने आएगी सच्चाई

आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डिप्टी कमिश्नर रासप्रित सिंह ने बताया कि चार कंकाल बरामद किए गए हैं और प्राथमिक जांच में इन्हें मानव कंकाल के रूप में चिन्हित किया गया है. उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक विभाग के अधिकारियों ने कंकालों को बरामद किया है. फॉरेंसिक जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कंकाल किसके हैं और क्या इनका संबंध किसी लापता व्यक्ति से है.

मौत की वजह और पहचान की जांच जारी

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इन लोगों की मौत कैसे हुई और कंकाल जंगल में किन परिस्थितियों में पहुंचे. बरामद कंकालों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. जांच रिपोर्ट मिलने के बाद मौत का अनुमानित समय, मृतकों की पहचान और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की उम्मीद है. फिलहाल पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे किसी आपराधिक वारदात का संबंध है या किसी अन्य कारण से कंकाल जंगल में पहुंचे. मामले की जांच जारी है.