बैंक कर्मचारियों की आज से प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल रविवार देर रात स्थगित कर दी गई है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस द्वारा बुलाई गई यह हड़ताल वापस लिए जाने के बाद सोमवार को देश भर में बैंक सामान्य रूप से काम करेंगे। हड़ताल टलने की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर यूजर्स ने तरहतरह की मजेदार प्रतिक्रियाएं देनी शुरू कर दी हैं, जो काफी चर्चा में हैं।

कर्मचारियों की छुट्टियां और संडे हुआ बर्बाद

चूंकि इस तीन दिवसीय प्रस्तावित हड़ताल को मद्देनजर रखते हुए सरकारी और रीजनल बैंक रविवार को भी खुले रखे गए थे, इसलिए कई बैंक कर्मचारियों ने अपने संडे का बलिदान दे दिया था। इसके अलावा, कई कर्मचारियों ने इस हड़ताल के साथ अपनी छुट्टियों को जोड़कर लंबा ट्रिप या वीकेंड प्लान कर लिया था और वे पहले ही छुट्टी पर निकल चुके थे। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।

हड़ताल रद्द होने के बाद सोशल मीडिया पर एक यूजर ने चुटकी लेते हुए लिखा, “जिन बैंक कर्मचारियों ने शनिवार और रविवार को हड़ताल के साथ मिलाकर छुट्टी का ट्रिप प्लान किया था और पहले ही निकल चुके हैं, उनके साथ तो यह धोखा ही हुआ है। अब तो मंडे को ऑफिस आना ही पड़ेगा।” वहीं एक अन्य यूजर ने खेलखेल में नाराजगी जताते हुए कमेंट किया, “यार ऐसे गेम में चीटिंग होगी तो मैं नहीं खेलूंगा।”

यूजर्स ने UFBU की भी की खिंचाई

सोशल मीडिया यूजर्स ने हड़ताल की घोषणा करके आखिरी समय में पीछे हटने पर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस को भी आड़े हाथ लिया और जमकर खरीखोटी सुनाई। एक यूजर ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, “शर्म करो UFBU! बैंकों को तीन दिन की हड़ताल की कॉल देने के बाद UFBU ने अंतिम क्षणों में स्ट्राइक स्थगित कर दी। हजारों लोग इसके लिए तैयार थे। बैंकरों ने अपने संडे भी कुर्बान कर दिए। मूवमेंट इसके लिए तैयार था और फिर यह अंजाम। UFBU आपने बैंकर्स के लिए संडे को ब्लैक संडे बना दिया।”

क्यों टली हड़ताल?

भारतीय बैंक संघ की ओर से मिले सकारात्मक आश्वासन के बाद UFBU ने रविवार देर रात अपनी इस देशव्यापी हड़ताल को स्थगित करने का फैसला लिया। UFBU द्वारा जारी बयान के मुताबिक, ‘फाइव डे वीक’ के महत्वपूर्ण मुद्दे पर गंभीर विचारविमर्श करने के लिए अब IBA और UFBU की एक उच्चस्तरीय समिति का तत्काल गठन किया जाएगा। यह संयुक्त समिति सभी संभावित विकल्पों और पहलुओं पर विचार करेगी, जिसके बाद हड़ताल को वापस ले लिया गया।