कॉस्मेटिक सर्जरी आज सिर्फ फिल्मी सितारों तक सीमित नहीं रह गई है. बेहतर लुक, कॉन्फिडेंस को बढ़ाने और उम्र के असर को कम करने के लिए बड़ी संख्या में लोग कॉस्मेटिक प्रोसीजर्स की मदद ले रहे हैं. हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि सिर्फ अट्रैक्टिव एडवरटाइजमेंट या कम कीमत के आधार पर सर्जरी का फैसला लेना जोखिम भरा हो सकता है. सही डॉक्टर का चयन और सर्जरी से पहले सही सवाल पूछना सेफ और बेस्ट रिजल्ट पाने के लिए बेहद जरूरी है. दरअसल, हर साल 15 जुलाई को वर्ल्ड प्लास्टिक सर्जरी डे मनाया जाता है.

ये दिन लोगों को ऐसी सर्जरी से जुड़ी जानकारियों के प्रति जागरूक करने के लिए मनाया जाता है. इस मौके पर हम आपको कॉस्मेटिक सर्जरी से जुड़े कुछ सवाल एक्सपर्ट के जरिए बताने जा रहे हैं. जानें….
डॉ. तन्मय रॉय का कहना है कि कॉस्मेटिक सर्जरी कराने से पहले मरीज को कुछ महत्वपूर्ण सवाल जरूर पूछने चाहिए.
डॉक्टर से जरूर पूछें ये 10 सवाल
1. क्या आप इस प्रक्रिया के लिए प्रशिक्षित और अनुभवी प्लास्टिक सर्जन हैं डॉक्टर की योग्यता, अनुभव और इस प्रक्रिया में उनकी विशेषज्ञता के बारे में जानकारी लें.
2. मेरे लिए यह प्रोसीजर क्यों उपयुक्त है अपनी त्वचा, उम्र और स्वास्थ्य के अनुसार इस सर्जरी की जरूरत और विकल्प समझें.
3. इस सर्जरी के क्या जोखिम और कौनकौन सी मुश्किलें आ सकती हैं दरअसल, हर सर्जरी में कुछ जोखिम होते हैं. इनके बारे में पहले से जानना जरूरी है.
4. रिकवरी में कितना समय लगेगा? काम पर लौटने, व्यायाम करने और नॉर्मल लाइफ शुरू करने में कितना समय लगेगा, ये सब जानने के लिए पहले ही चीजें क्लियर करना जरूरी है.
5. क्या रिजल्ट परमानेंट टिकेंगे? कुछ प्रक्रियाओं का असर सीमित समय तक रहता है. इसकी जानकारी पहले ही लें.
6. क्या मुझे पहले और बाद की तस्वीरें दिखाई जा सकती हैं इससे डॉक्टर के काम और संभावित परिणामों का अंदाजा लगाया जा सकता है.
7. अगर रिजल्ट उम्मीद के अनुसार नहीं आए तो क्या विकल्प होंगे रिवीजन सर्जरी या अन्य उपचार की संभावना के बारे में पूछें.
8. सर्जरी किस अस्पताल या सेंटर में होगी सुनिश्चित करें कि प्रक्रिया मान्यता प्राप्त अस्पताल या सर्जिकल सेंटर में ही हो.
9. कुल खर्च कितना होगा सर्जरी, दवाइयों, जांच, अस्पताल और फॉलोअप सहित सभी खर्चों की जानकारी लें.
10. सर्जरी से पहले और बाद में किन बातों का ध्यान रखना होगा दवाइयों, खानपान, धूम्रपान, शराब और अन्य सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी लें.
डॉक्टर ने क्या कहा?
डॉ. तन्मय रॉय कहते हैं कि कॉस्मेटिक सर्जरी एक मेडिकल प्रक्रिया है. इसे केवल सुंदर दिखने का आसान तरीका समझना सही नहीं है. सोशल मीडिया या सेलिब्रिटी ट्रेंड देखकर सर्जरी कराने के बजाय अपनी जरूरत और हेल्थ को प्राथमिकता दें. सही जानकारी और एक्सपीरियेंस सर्जन को चुनना अच्छे रिजल्ट पाने का बेस्ट तरीका है.
एक्सपर्ट कहते हैं कि अगर मरीज को डायबिटीज, हाई बीपी, दिल की बीमारी, स्मोकिंग की आदत या किसी दवा से एलर्जी है तो इसकी जानकारी डॉक्टर को पहले दें. इससे सर्जरी की प्लानिंग ज्यादा सेफ तरीके से बनाई जा सकती है. कॉस्मेटिक सर्जरी से पहले सेकंड ओपिनियन लेना भी एक अच्छा हो सकता है, खासकर अगर प्रोसेस बड़ा या थोड़ा मुश्किल हो.



