बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड पुलिस थाना क्षेत्र के पट्टंदूर अग्रहारा में वकील मंजनाथ की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को बिहार से गिरफ्तार किया है. कई राज्यों में करीब 20 दिनों तक तलाश करने के बाद पुलिस ने अमित कुमार दुबे को पकड़ा. हालांकि, शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि अमित वह शख्स नहीं है, जिसने वकील को गोली मारी थी. वह वारदात के समय मुख्य आरोपी के साथ मौजूद था. अब पुलिस मुख्य शूटर पवन कुमार दुबे की तलाश कर रही है.

यह घटना 18 अक्टूबर की रात की है. बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड थाना क्षेत्र के पट्टंदूर अग्रहारा में वकील मंजनाथ अपने घर पर थे. इसी दौरान दो युवक उनके घर पहुंचे. दोनों पर पिछले तीन महीने से किराया बकाया था. उन्होंने मंजनाथ से कहा कि वे बकाया किराया देने आए हैं. इसके बाद एक युवक ने वकील को पैसे दिए. मंजनाथ जब पैसे गिन रहे थे, तभी पीछे से आए दूसरे युवक ने उनके सिर में गोली मार दी. गोली लगते ही वकील मौके पर गिर पड़े और उनकी मौत हो गई.

गोली चलने की आवाज सुनते ही दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए. बताया जा रहा है कि भागते समय शूटर ने अपने साथी को झुकने का इशारा किया था. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। दोनों कुछ दूर तक एक ही बाइक से गए और फिर अलगअलग रास्तों पर निकल गए.

कई राज्यों से होते हुए बिहार पहुंचा मुख्य शूटर

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि वारदात के बाद दोनों आरोपियों ने अलगअलग रास्ते अपनाए थे. वकील को गोली मारने वाला पवन कुमार दुबे चेन्नई, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ होते हुए बिहार पहुंचा था. वहीं, दूसरा आरोपी ट्रेन से उत्तर भारत की ओर निकल गया था. आरोपियों की तलाश में व्हाइटफील्ड पुलिस ने कई राज्यों में छापेमारी की और अलगअलग जगहों पर उनकी लोकेशन खंगाली.

20 दिन की तलाश के बाद अमित कुमार दुबे गिरफ्तार

करीब 20 दिनों तक चले ऑपरेशन के बाद पुलिस ने 12 नवंबर को बिहार के बक्सर गांव के पास से अमित कुमार दुबे को गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद उसे स्थानीय अदालत में पेश किया गया.

हालांकि, शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि अमित ने वकील मंजनाथ को गोली नहीं मारी थी. बताया जा रहा है कि अमित ने पुलिस को बताया कि उसे सिर्फ किराये के पैसे देने के लिए साथ ले जाया गया था. उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि दूसरा आरोपी वकील पर गोली चलाने वाला है.

मुख्य शूटर की तलाश जारी, हथियार भी बरामद नहीं

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार अमित कुमार दुबे से पूछताछ कर रही है. वहीं, गोली चलाने वाले मुख्य आरोपी पवन कुमार दुबे की तलाश जारी है. हत्या में इस्तेमाल किया गया देसी पिस्तौल भी अभी तक बरामद नहीं हुआ है.

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हत्या की वजह केवल किराये का विवाद था या इसके पीछे कोई दूसरी साजिश भी थी. मुख्य शूटर की गिरफ्तारी और हथियार की बरामदगी के बाद ही हत्याकांड से जुड़े कई सवालों के जवाब मिल सकेंगे.