कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. संतान नहीं होने को लेकर पतिपत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे. आरोप है कि पति शराब के नशे में पत्नी को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था. इसी से परेशान होकर पत्नी ने गुस्से में अपने पति के सीने में चाकू घोंप दिया. गंभीर रूप से घायल पति को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

यह घटना बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा नगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र के लक्ष्मीपुर इलाके की है. पुलिस की शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 44 वर्षीय राजशेखर के रूप में हुई है. वह एक प्राइवेट बैंक में काम करता था. उसकी पत्नी का नाम 35 वर्षीय मालाश्री है. बताया जा रहा है कि शादी के बाद दोनों के कोई संतान नहीं हुई थी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसी बात को लेकर पतिपत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था.
आरोप है कि राजशेखर शराब पीने का आदी था और नशे की हालत में पत्नी के साथ मारपीट करता था. वह संतान नहीं होने के लिए पत्नी को जिम्मेदार ठहराता था और उसे शारीरिक व मानसिक रूप से परेशान करता था. वह उसे बांझ कहता था. इस वजह से दोनों के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा था.
शराब पीकर घर लौटा पति, फिर शुरू हुआ झगड़ा
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, 11 नवंबर की रात राजशेखर शराब पीकर घर लौटा था. इसके बाद एक बार फिर पतिपत्नी के बीच कहासुनी शुरू हो गई. विवाद की वजह संतान नहीं होना बताया जा रहा है. देखते ही देखते दोनों के बीच झगड़ा बढ़ गया.
आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में आकर मालाश्री ने रसोई में रखा चाकू उठा लिया और पति के सीने पर वार कर दिया. चाकू लगने से राजशेखर गंभीर रूप से घायल हो गया और खून से लथपथ हालत में जमीन पर गिर पड़ा.
विक्टोरिया अस्पताल में तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद घायल राजशेखर को इलाज के लिए विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, उसकी हालत बेहद गंभीर थी. अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद लक्ष्मीपुर इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है.
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों की टीम घटनाक्रम से जुड़ी जानकारी जुटा रही है. शुरुआती तौर पर पारिवारिक विवाद और पति की कथित प्रताड़ना को घटना की वजह माना जा रहा है. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात के समय घर में क्या हुआ था और विवाद किस तरह इतना बढ़ गया कि मामला हत्या तक पहुंच गया. फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.



