Bhagalpur SI Yogesh Kumar Death: बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया में सबइंस्पेक्टर योगेश कुमार की मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस के मुताबिक, नवगछिया पुलिस लाइन स्थित योगेश कुमार के कमरे से एक किताब के बीच दबा हुआ कथित सुसाइड नोट बरामद किया गया है. नोट में लिखा है कि ऐसी शादी के साथ जिंदगी जीने से बेहतर मौत को गले लगा लेना है. नवगछिया एसपी ने कमरे से नोट मिलने की पुष्टि की है.

पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सुसाइड नोट कब लिखा गया था और इसमें लिखी बातों का घटना से क्या संबंध है. इसके अलावा, योगेश की मौत से पहले की परिस्थितियों को भी समझने का प्रयास किया जा रहा है.शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव की आशंका जताई जा रही है.

इसी साल 1 जुलाई को किया था प्रेम विवाह

योगेश कुमार बिहार के बांका जिले के बाराहाट थाना क्षेत्र के तप्पाडीह गांव के रहने वाले थे. पुलिस विभाग में नौकरी लगने के बाद उनकी मुलाकात भागलपुर में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही मकनपुर की रहने वाली गुड़िया से हुई थी. दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और लंबे समय तक एकदूसरे के संपर्क में रहे.

बाद में परिवारों की सहमति से दोनों ने 1 जुलाई को विवाह कर लिया. बताया गया है कि कुछ समय बाद गुड़िया की भी नौकरी लग गई थी. शुरुआत में दोनों ने साथ जिंदगी बिताने का फैसला किया था, लेकिन परिजनों के मुताबिक, शादी के बाद उनके रिश्ते में तनाव बढ़ने लगा था.

परिजनों ने लगाए मानसिक प्रताड़ना के आरोप

योगेश की बहन संगीता देवी और सौतेली मां रोजी देवी ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद पतिपत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था. उनका कहना है कि गुड़िया योगेश से ठीक से बात नहीं करती थी और उसके साथ सम्मानजनक व्यवहार नहीं करती थी.

योगेश के जीजा अमित ने भी आरोप लगाया कि गुड़िया की वजह से योगेश मानसिक तनाव में रहते थे. वहीं, उनके भाई के मुताबिक, दुर्गा पूजा के दौरान गुड़िया दो दिनों के लिए नवगछिया आई थी. उसके वापस जाने के बाद योगेश काफी परेशान रहने लगे थे. परिवार की ओर से पैसों को लेकर तनाव होने की बात भी कही गई है.

मोबाइल की जांच से सामने आ सकती हैं अहम बातें

पुलिस अब योगेश के मोबाइल फोन की जांच कर रही है. इसका मकसद यह पता लगाना है कि घटना से पहले उनकी आखिरी बातचीत किससे हुई थी और क्या किसी बातचीत या मैसेज से उनके तनाव के बारे में कोई जानकारी मिल सकती है. सुसाइड नोट की जांच के साथ पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.

योगेश की मौत से उनके परिवार में शोक का माहौल है. परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है. फिलहाल, पुलिस की जांच इस मामले में सबसे अहम है, क्योंकि उसी से मौत की परिस्थितियों और इसके पीछे की संभावित वजहों का पता चल सकेगा.

ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।