
अशोकनगर : मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिला अस्पताल से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक मां ने ही अस्पताल के बेड पर सो रही अपनी एक दिन की नवजात बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने मंगलवार को इस पूरे मामले का पर्दाफाश करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के बाद से ही इलाके में सनसनी फैल गई है।
कंबल में सो रही मासूम का 3 मिनट तक दबाया गला
पुलिस के अनुसार, चंदेरी इलाके के सकर्रा गांव की रहने वाली भावना विश्वकर्मा ने शुक्रवार-शनिवार की रात करीब 11 बजे बच्ची को जन्म दिया था। शनिवार को जब बच्ची सो रही थी और साथ में मौजूद दादी की आंख लग गई, तभी महिला ने मौका पाकर मासूम का गला दबा दिया। उसने करीब 2 से 3 मिनट तक हाथ से गला दबाए रखा, जिससे बच्ची की मौके पर ही दम घुटने से मौत हो गई थी।
मुंह से खून निकलते ही सास को दी खबर
गला दबाने के करीब आधे घंटे बाद जब बच्ची के मुंह से खून निकलने लगा, तो महिला ने नाटक करते हुए अपनी सास को इसकी जानकारी दी। घबराई सास तुरंत मासूम को लेकर डॉक्टरों के पास भागी, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती दौर में मामला संदिग्ध लग रहा था, जिसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज
एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर साफ हुआ कि बच्ची की मौत सांस रुकने और गला दबाने से हुई है। इसके बाद पुलिस ने परिवार के लोगों से पूछताछ शुरू की।
चूंकि महिला की डिलीवरी को कुछ ही घंटे हुए थे, इसलिए पुलिस ने उससे बहुत ही सामान्य तरीके से पूछताछ की। कड़ाई और सहानुभूति से की गई पूछताछ में महिला टूट गई और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
दूसरी बेटी होने और तानों के डर से बनी कातिल
पूछताछ में महिला ने बताया कि उसकी पहले से 2 साल की एक बेटी है। इस बार उसे और परिवार को बेटे की उम्मीद थी। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। दोबारा बेटी पैदा होने पर वह बहुत ज्यादा तनाव में आ गई थी। उसे डर था कि दो-दो बेटियों की जिम्मेदारी कैसे संभालेगी और समाज व परिवार से उसे ताने सुनने पड़ेंगे। इसी डर और मानसिक तनाव में आकर उसने नवजात बच्ची की जान ले ली।



