एक छोटे बच्चे ने अपने पिता से पूछा, ‘पापा, सब लोग इतने थके हुए क्यों रहते हैं?’ पिता मुस्कुराए, ‘क्योंकि सबको काम करना पड़ता है.’ बच्चा कुछ देर सोचता रहा. फिर बोला, लेकिन पापा, ‘आप तो रविवार को भी थके रहते हैं’. पिता के पास कोई जवाब नहीं था. उन्होंने पूरी जिंदगी मेहनत की थी. पैसे कमाए, परिवार संभाला और ऐसा इंसान बनने की कोशिश की, जिस पर उनके बच्चे गर्व करें. लेकिन बेटे ने वह बात देख ली थी, जिस पर उन्होंने कभी ध्यान नहीं दिया. रविवार को उनका शरीर आराम करता था, लेकिन भीतर कुछ ऐसा था, जो कभी आराम नहीं करता था.

अपने आसपास देखिए. फुटपाथ पर बैठा आदमी अगले भोजन की चिंता करता है. चौराहे पर खड़ा मजदूर सोचता है कि आज काम मिलेगा या नहीं. नौकरी करने वाला अपनी नौकरी बचाने की चिंता में रहता है. बड़ा व्यापारी अपनी कमाई हुई दौलत खोने से डरता है. ताकतवर आदमी उस दिन से डरता है, जब उसकी ताकत नहीं रहेगी. सबकी जिंदगी अलग है, लेकिन सबके भीतर कोई न कोई डर है. गरीब को डर है कि उसके पास कुछ नहीं है. अमीर को डर है कि जो कुछ है, कहीं वह चला न जाए. इन दो डरों के बीच पूरी जिंदगी गुजर जाती है.

सुबह उठकर क्यों महसूस होता है खालीपन?

लेकिन एक अजीब बात है. भूखे आदमी को पता है कि उसे खाना चाहिए. बेघर आदमी जानता है कि उसे छत चाहिए. फिर जिसके पास घर, परिवार, सम्मान और जरूरत से ज्यादा पैसा है, वह भी सुबह उठकर खालीपन क्यों महसूस करता है? पेट भर जाने के बाद भी यह कैसी भूख बची रहती है?

शायद इसकी शुरुआत बचपन से होती है. अच्छे नंबर आए तो तारीफ मिली. किसी दूसरे बच्चे से तुलना हुई. हमें सफल और बड़ा आदमी बनने को कहा गया. धीरेधीरे हम ऐसी चीजें पाने लगे, जिनसे दूसरे हमें अच्छा समझें. अच्छे नंबर नौकरी बन गए. नौकरी बड़ा पद बन गई. बड़ा पद बड़ा घर बन गया. इस दौड़ में खुश रहने से ज्यादा जरूरी सफल दिखाई देना हो गया.

एक आदमी ने तीस साल दफ्तर में काम किया. रोज लोग सम्मान से मिलते थे. फोन बजता रहता था. उसकी राय महत्वपूर्ण थी. फिर एक शाम वह रिटायर हो गया. अगली सुबह फोन शांत था. घर अच्छा था, परिवार प्यार करता था, पैसे की कमी नहीं थी. फिर भी भीतर खालीपन था. तीस साल लोगों को उसके पद की जरूरत थी. अब उसे पहली बार जानना था कि उस पद पर बैठा इंसान कौन था.

खुद को हम क्यों साबित करना चाहते हैं?

यहीं एक मुश्किल सवाल उठता है. हम कहते हैं कि समाज हम पर दबाव डालता है, लेकिन जब समाज कुछ नहीं मांगता, तब भी हम खुद पर दबाव क्यों डालते रहते हैं? जिसे अब कुछ साबित करने की जरूरत नहीं, वह भी खुद को साबित क्यों करना चाहता है? शायद दूसरों की आवाजें धीरेधीरे हमारी अपनी आवाज बन जाती हैं. कोई देख नहीं रहा होता, फिर भी हम ऐसे जीते हैं जैसे कोई हमें परख रहा हो.

अपने रोज के किसी काम को देखिए. घर से निकलने से पहले कपड़ों की इतनी चिंता क्यों होती है? गलती मानने में परेशानी क्यों होती है? कोई बुलाना भूल जाए तो दुख क्यों होता है? ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। क्या सच में कुछ जरूरी खो गया, या अपने बारे में बनाई तस्वीर को चोट लगी? दोनों बातें अलग हैं. कोई बहस हारकर भी सही हो सकता है. फिर भी पूरी रात खुद को विजेता साबित करने में लगा देता है.

बच्चा पैदा होते समय नहीं जानता कि सम्मानित इंसान कैसा होता है. वह हमसे सीखता है. बड़ों को दुख छिपाते, तुलना करते और छोटी असफलताओं पर शर्मिंदा होते देखता है. फिर बड़ा होकर वही करता है. एक पीढ़ी अपना डर अगली पीढ़ी को सौंप देती है और समझती है कि अनुभव दे रही है. मातापिता बच्चों की अच्छी जिंदगी चाहते हैं, लेकिन कभी अनजाने में वही चिंताएँ भी दे देते हैं, जिन्होंने उनकी अपनी जिंदगी कठिन बनाई थी.

सवाल यह है कि क्या आगे बढ़ने की इच्छा गलत है?

इसका मतलब यह नहीं कि आगे बढ़ने की इच्छा गलत है. काम, पैसा, सम्मान और जिम्मेदारी जरूरी हैं. परिवार को देखभाल चाहिए.समाज को जिम्मेदार लोग चाहिए. सवाल तब उठता है, जब यही सब हमारी पूरी पहचान बन जाता है. बच्चे बड़े हो जाएं, तब भी पिता पिता रहता है. खाली कक्षा में भी शिक्षक इंसान रहता है. कोई साथ न चले, तब भी नेता एक व्यक्ति रहता है, लेकिन क्या वे खुद को ऐसे देख पाते हैं?

एक शाम वही बच्चा अपने पिता को खिड़की के पास चुप बैठे देखता है. न अखबार था, न फोन, न टेलीविजन. बच्चे ने पूछा, ‘पापा, परेशान हो?’ पिता बोले, ‘नहीं’. ‘तो अकेले क्यों बैठे हो?’ पिता बाहर देखते रहे. फिर बोले, ‘शायद मैं भूल गया हूं कि बिना कुछ किए कैसे बैठते हैं.’ बच्चा उनकी गोद में आ बैठा. कई मिनट दोनों चुप रहे. पिता को कुछ पाना नहीं था, कुछ समझाना नहीं था, किसी को प्रभावित नहीं करना था. बेटा केवल इसलिए खुश था कि पापा उसके पास थे.

शायद जिंदगी का यही हिस्सा हम समझना भूल गए हैं. हम रोजी कमाना सीखते हैं, लेकिन जीने वाले इंसान को समझने में कम समय देते हैं. परीक्षाओं और बैठकों के जवाब सीखते हैं, लेकिन अपने सवाल छोड़ देते हैं. साधारण होने से डर क्यों लगता है? दूसरे की सफलता से अपनी जिंदगी छोटी क्यों लगती है? किसी अनजान को माफ करना आसान और खुद को माफ करना मुश्किल क्यों है? इतना कुछ पाने के बाद भी खुशी की जगह बारबार आगे क्यों खिसक जाती है?

जवाब आसान, पर खोजने में गुजर जाती है पूरी जिंदगी

इन सवालों के जवाब आज जरूरी नहीं. शायद समझ की शुरुआत तब होती है, जब हम जल्दी से कोई आसान जवाब ढूंढ़ना छोड़ते हैं. फुटपाथ पर रहने वाले और महल में रहने वाले की मुश्किलें बराबर नहीं हैं. उनकी तकलीफों को एक जैसा नहीं मानना चाहिए, लेकिन दोनों इंसान हैं. दोनों की जिंदगी में बाहरी पहचान से कहीं ज्यादा कुछ है. एक को सम्मान से जीने का अवसर चाहिए. दूसरे को समझना है कि बिना विशेष सम्मान पाए भी इंसान की गरिमा बनी रहती है.

आज रात काम खत्म होने पर फोन अलग रखिए. कुछ देर भूल जाइए कि क्या कमाया, क्या खोया, किसे खुश किया और किसे दुखी. अपने काम, परिवार, सफलता या असफलता से अपना परिचय मत दीजिए. कुछ पल उस इंसान के साथ बैठिए, जो जिंदगी के हर बदलाव में आपके साथ रहा है. वह इंसान, जो तब भी आप थे, जब अपने बारे में कुछ बताना नहीं सीखा था.

फिर खुद से वह सवाल पूछिए, जिसे एक बच्चा आसानी से समझ लेगा, लेकिन जिसका जवाब खोजने में बूढ़े इंसान की पूरी जिंदगी गुजर सकती है.

अगर कल आपसे वह सब छिन जाए, जिसे बनने में आपने पूरी जिंदगी लगा दी, तो क्या आप फिर भी पहचान पाएंगे कि आप असल में कौन हैं?