कहीं पेड़ गिरे, कहीं फसल चौपट; बिहार में आंधी-बारिश से तबाही का मंजर, दो लोगों की मौत!

Trees fell somewhere, crops were destroyed somewhere; storm and rain caused devastation in Bihar, two people diedTrees fell somewhere, crops were destroyed somewhere; storm and rain caused devastation in Bihar, two people died

पटना: बिहार में बीते 24 घंटे के भीतर तेज आंधी और बारिश की वजह से कई जगहों पर तबाही का मंजर देखने को मिला है। धूल भरी आंधी और तेज हवाओं के चलते कई जगहों पर पेड़ धराशायी हो गए। इससे वैशाली और मुंगेर में दो लोगों की मौत हो गई। कुछ जगहों पर बरसात के साथ ओले भी गिरे। मौसम खराब होने की वजह से खेतों में खड़ी किसानों की फसल चौपट हो गई। इससे उनके चेहरे मायूस हो गए हैं। सारण, सीवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया, बांका समेत अन्य जिलों में जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया।

बिहार के विभिन्न जिलों में गुरुवार रात से ही तेज हवाओं के साथ मेघगर्जन और बारिश का दौर शुरू हो गया। आंधी चलने से भागलपुर शहर में रात को बिजली व्यवस्था चरमरा गई। जिले में कई जगहों पर पेड़ जमीन पर गिर पड़े, जिससे बिजली के तार टूट गए। मुजफ्फरपुर में भी कमोबेश यही हाल देखा गया। वैशाली जिले में जगह-जगह आंधी की वजह से नुकसान देखने को मिला।

छपरा में आंधी-बारिश से खेतों में तबाही
सारण जिले के विभिन्न इलाकों में आंधी और बारिश की वजह से किसानों के चेहरे पर मायूसी छाई हुई है।गेहूं की कटाई और कट कर बंधे हुए बोझे मौसम की वजह से बर्बाद हो गए। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। किसानों की पूरे सीजन की मेहनत पर एक बार में पानी फिर गया।तेज हवाओं में आम और लीची पर भी खासा असर पड़ा है।जिले के कई हिस्सों में बिजली व्यवस्था चरमराने से पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई है।

वैशाली जिले में शुक्रवार अहले सुबह 3 बजे से आंधी के साथ हुई मूसलाधार बारिश से कई जगहों पर क्षति हुई। खेत में किसानों की फसलें चौपट हो गईं, तो सड़कों और मोहल्लों में पेड़ गिर गए। बिजली के तार और पोल भी क्षतिग्रस्त हुए। सुबह में कुछ देर मौसम खुला, तो दोबारा मूसलाधार बारिश शुरू हो गई।

घर पर पेड़ गिरा, अधेड़ की मौत
हाजीपुर के नगर थाना क्षेत्र में अंदर किला मोहल्ला के गांधी नगर मुख्य द्वार स्थित ब्रह्म स्थान के पास पीपल का सूखा पेड़ करकट नुमा घर पर गिर गया। हादसे में एक अधेड़ की मौत हो गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय अरविंद कुमार उर्फ गोपाल साहनी के रूप में हुई।

मुंगेर में महिला की मौत
सदर प्रखंड क्षेत्र के नवागढ़ी वार्ड नंबर 4 में गुरुवार की देर रात तेज हवा के साथ हुई बारिश और ठनका के दौरान घर पर महोगनी का पेड़ गिरने से 43 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई। खपरेल के घर पर पेड़ गिरने के कारण मृत महिला के पति सहित परिवार के अन्य सदस्यों को आंशिक चोट आई है। मृत महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए शुक्रवार को सदर अस्पताल लाया गया।

वहीं, जिले के हवेली खड़गपुर में गुरुवार देर रात तेज हवा के साथ बारिश हुई। इससे किसानों को बड़े पैमाने पर फसल का नुकसान हुआ है। सकड़ों बीघा में फैली गेहूं की फसल बारिश में भीग गई। अब किसान सरकार से मदद के लिए गुहार लगा रहे हैं।

बांका में हवा-पानी से जनजीवन अस्त-व्यस्त, किसानों की चिंता बढ़ी
जिले में गुरुवार देर रात से जारी बेमौसम बारिश और बर्फीली हवा ने जनजीवन को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया। अचानक बदले मौसम ने लोगों को घरों में दुबकने को मजबूर कर दिया। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और रुक-रुक कर तेज हवाओं के साथ बारिश होती रही।

मौसम के इस अचानक बदले मिजाज ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर वे किसान जो इन दिनों मूंग फसल की बुआई की तैयारी में लगे थे, अब असमंजस की स्थिति में हैं। खेतों में अधिक नमी और जलजमाव के कारण बुआई की प्रक्रिया रुक गई है। जिले के सदर प्रखंड में भी लोग खराब मौसम की वजह से घरों में ही दुबके रहे।

पंजवारा और आसपास के क्षेत्र में शुक्रवार सुबह मौसम ने करवट ली और आसमान में काले बादल छा गए। तेज झोंकों के साथ आई मूसलाधार बारिश से तापमान में गिरावट हुई। अचानक आई बारिश से कुछ देर के लिए जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बारिश के चलते क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है।

खगड़िया में दुकानों के सामान बिखरे, पेड़ टूटे
जिले में गुरुवार देर रात आई तेज आंधी और बारिश ने खेतों में लगी मक्के की फसलों को जमींदोज कर दिया। खासकर ग्रामीण इलाकों में घंटों बिजली की आपूर्ति ठप हो गई। तेज आंधी के साथ बारिश ने ग्रामीण से लेकर शहरी इलाकों तक जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया।

आंधी के कारण जिले में कई जगहों पर खेतों में लगी मक्के व गेहूं की फसल गिरी तो कही पेड़ उखड़ गए। पेड़ सड़क किनारे गिरने से यातायात भी बाधित हो गया। खगड़िया-बखरी सड़क वाया बछौता- भदास- विशनपुर- अहुना- कंठारी- पचराहा- शुम्भा- कौनियां- इमली- सोनिहार के सड़कों पर तेज हवा के झोंकों व वर्षा के कारण जगह-जगह पेड़ गिरने व व टहनी टूटने की जानकारी मिली है।

वहीं, बाजार क्षेत्र में भी कई दुकानों को भारी नुकसान हुआ। दुकानों के सामान तेज हवा में बिखर गए। कई जगहों पर लगे बैनर और होर्डिंग्स उखड़ कर सड़कों पर गिर गए। परबत्ता में एक पॉल्ट्री फार्म पर सेमल का पेड़ गिर जाने से संचालक राजाराम सिंह बाल-बाल बच गए। वहीं, चार हजार से अधिक चूजे रात के अंधेरे में टूटे पॉल्ट्री फार्म में घुसकर गीदड़ खा गए।