आज पेश किया जाएगा वक्फ विधेयक, सरकार को मिला इन दलों का साथ…!

Wakf Bill will be presented today, government got support from these partiesWakf Bill will be presented today, government got support from these parties

नई दिल्ली। लोकसभा में आज यानी बुधवार को वक्फ संशोधन विधेयक 2024 (Waqf Amendment Bill LIVE Updates) पेश किया जाएगा। विधेयक पर आज ही चर्चा और वोटिंग कराने की तैयारी है। विपक्ष ने चर्चा के लिए 12 घंटे की मांग की। मगर सरकार ने सिर्फ 8 घंटे का समय दिया है।

इस दौरान सदन में हंगामा होना भी तय है, क्योंकि विपक्ष विधेयक के खिलाफ है। भाजपा, जदयू, तेदेपा, शिवसेना, लोजपा, रालोद और हम ने अपने सांसदों को व्हिप जारी किया है।

सरकार जहां विधेयक को मुस्लिमों के हित में एक सुधारात्मक कदम बता रही तो वहीं विपक्ष पुरजोर विरोध में उतरा है। विपक्षी दलों का कहना है कि विधेयक संविधान का उल्लघंन है और धार्मिक आजादी के खिलाफ है।

धर्म में सरकार को दखल नहीं देना चाहिए
पंजाब से कांग्रेस सांसद गुरजीत सिंह औजला का कहना है कि सरकार लोकतंत्र के खिलाफ जा रही है। हर धर्म की अपनी व्यवस्था होती है। सरकार को इसमें दखल नहीं देना चाहिए। इस पर हमारा रुख स्पष्ट है।

असंवैधानिक है विधेयक: राम गोपाल
सपा सांसद राम गोपाल यादव ने वक्फ संशोधन विधेयक को असंवैधानिक और तानाशाही भरा बताया। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी शुरू से ही इस विधेयक का विरोध करती रही है। आगे कहा कि वे (सरकार) बहुमत में हैं और वे इसे किसी भी तरह पारित करवा लेंगे। मगर हम चर्चा चाहते हैं ताकि देश को पता चले कि वे क्या कर रहे हैं?

देश में शांति भंग होगी: गौरव गोगोई
कांग्रेस सांसद सुखदेव सिंह का कहना है कि यह (वक्फ संशोधन विधेयक) सुधार के नाम पर बुराई है। इसे बदले की भावना से लाया जा रहा है। उधर, गौरव गोगोई ने कहा कि जेपीसी में क्लॉज बाय क्लॉज चर्चा नहीं हुई। सरकार का रवैया पहले दिन से ही ऐसा कानून लाने का रहा है जो संविधान और अल्पसंख्यकों के खिलाफ हो। इससे देश में शांति भंग होगी।

पार्टी सांसदों के साथ बैठक करेंगे राहुल गांधी
वक्फ संशोधन विधेयक के पेश होने से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी पार्टी के सभी सांसदों के साथ बैठक करेंगे। वे संसद भवन पहुंच चुके हैं। बैठक में कांग्रेस की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।

पीएम मोदी की तरफ से सबसे बड़ी ईदी है: मोहसिन रजा
भाजपा नेता मोहसिन रजा ने कहा कि देश के सभी पिछड़े मुस्लिम भाई-बहनों की ओर से मैं प्रधानमंत्री मोदी को इस वक्फ संशोधन विधेयक 2024 के लिए धन्यवाद देता हूं। यह पिछड़े और अति पिछड़े मुसलमानों के लिए पीएम मोदी की ओर से सबसे बड़ी ईदी होगी।

धर्मनिरपेक्ष है हमारा देश: रंधावा
पंजाब से कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि हमारा देश एक धर्मनिरपेक्ष देश है। किसी भी समुदाय विशेष को यह नहीं लगना चाहिए कि उनके साथ अन्याय हो रहा है। जो व्यवस्था थी, वही रहनी चाहिए।

मेहनत रंग लाई: जगदंबिका पाल
वक्फ संशोधन विधेयक 2024 पर बनी JPC समिति के अध्यक्ष जगदंबिका पाल ने कहा कि मेहनत रंग लाई है। यह निश्चित ही एक ऐतिहासिक दिन है। आज इस बिल के पास होने से देश के गरीब, पसमांदा और आम मुसलमानों को इसका फायदा पहुंचेगा।

हम चर्चा को तैयार हैं: इमरान मसूद
जेपीसी के सदस्य और कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा कि हम चर्चा के लिए तैयार हैं। मगर मैं आपको सच बताना चाहता हूं। सरकार बार-बार कह रही है कि मुसलमानों को कुछ नहीं होगा, लेकिन उन्होंने यह प्रावधान किया है कि कोई भी संपत्ति जो सरकारी संपत्ति है, जिसमें सरकार की हिस्सेदारी है, विवादित है, वह संपत्ति तब तक वक्फ नहीं मानी जाएगी जब तक कि उसकी जांच किसी नामित अधिकारी न करे। विवादित संपत्ति अब वक्फ नहीं रहेगी।

विपक्ष के संशोधनों को लागू नहीं किया
कांग्रेस नेता अतुल लोंढे ने कहा कि वक्फ विधेयक पर विपक्ष ने जेपीसी में जो बदलाव बताए थे, उन संशोधनों को लागू नहीं किया गया। जब संसद में कैबिनेट के सामने बिल रखा गया तो विपक्ष का संशोधन उसमें नहीं रखा गया। हंगामा होने पर पता चला कि 44 संशोधनों में से 14 को मंजूरी मिली। वे (सरकार) जेपीसी में क्लॉज-बाय-क्लॉज चर्चा नहीं चाहते। 31 सदस्यीय जेपीसी में 21 सदस्य एनडीए के हैं और 10 विपक्ष के हैं।