

इस खबर को शेयर करें
चंडीगढ़। नए साल में हरियाणा पुलिस का जोर राज्य में साइबर अपराध रोकने तथा साइबर अपराध करने वाले संगठित गिरोहों के सदस्यों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाने पर रहेगा। साल 2023 के मुकाबले साल 2024 में साइबर अपराध और अपराधियों पर नकेल डालने में पुलिस काफी हद तक कामयाब रही है।
उच्च तकनीक और आधुनिक सुविधाओं से लैस हरियाणा पुलिस ने इस साल साइबर अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई का एक्शन प्लान तैयार किया है। इसके तहत हरियाणा पुलिस में पारंगत तकनीकी अधिकारियों के साथ बैंक अधिकारियों व विशेषज्ञों की मदद ली जाएगी।
2024 में 5256 साइबर अपराधियों को किया गया गिरफ्तार
दैनिक जागरण ने हाल ही में पूरे देश में साइबर अपराधों से बचने के लिए लोगों को जागरूक करने हेतु लुटेरा ऑनलाइन-सतर्क रहें अभियान चालू किया था, जिसकी पूरे देश में सराहना हुई है। हरियाणा पुलिस द्वारा वर्ष 2023 में साइबर अपराध करने के आरोपित अपराधियों की करीब 1900 गिरफ्तारियां की गई थी। जो वर्ष 2024 में बढ़कर 5156 तक पहुंच गई हैं, जो वर्ष-2023 की तुलना में वर्ष 2024 में हरियाणा पुलिस द्वारा लगभग तीन गुना गिरफ्तारियां की गई।
वर्ष 2023 में हरियाणा में 602 करोड़ रुपये की राशि के साइबर फ्राड रिपोर्ट किए गए, जबकि वर्ष 2024 में यह आंकड़ा बढ़कर 980 करोड़ तक पहुंच गया। हालांकि, पुलिस का रिकवरी प्रतिशत भी काफी बढ़ा है। वर्ष 2023 में करीब 76 करोड़ रुपये की राशि साइबर ठगों से बचाई गई थी, जबकि साल 2024 में 268 करोड़ रुपये की राशि साइबर अपराधियों के हाथों से बचाई गई है।
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर राज्य में साइबर अपराध रोकने को लेकर काफी गंभीर हैं। पुलिस महानिदेशक की अध्यक्षता में शुक्रवार को हरियाणा 112 ऑडिटोरियम पंचकूला में उच्च स्तरीय कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया, जिसमें राज्य भर से डीएसपी, एएसपी तथा साइबर थाना इंचार्ज के साथ साइबर अनुसंधान अधिकारियों ने भागीदारी की।
कॉन्फ्रेंस में साइबर अपराधों के नियंत्रण को लेकर कई तकनीकी पहलुओं तथा सर्वश्रेष्ठ अभ्यास पर विस्तार से चर्चा की गई। कॉन्फ्रेंस में अधिकारियों ने साइबर अपराधों को रोकने के लिए आने वाली चुनौतियों पर भी चर्चा की। पुलिस महानिदेशक ने पुलिस अधिकारियों की शंकाओं का समाधान करते हुए उनके सवालों का जवाब दिया।
बेस्ट साइबर टीम के अवार्ड से हरियाणा हो चुका है सम्मानित
ॉशत्रुजीत कपूर ने कॉन्फ्रेंस में कहा कि अगस्त-2023 में साइबर अपराध होने पर फ्राड की गई राशि का केवल सात प्रतिशत ही होल्ड किया जाता था, जो अब बढ़कर 27 प्रतिशत पर पहुंच गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा सितंबर 2024 में बेस्ट-1930 साइबर टीम के अवार्ड से हरियाणा को सम्मानित किया जा चुका है। हरियाणा पुलिस के साथ आज 10 बैंको के 15 नोडल अधिकारी मिलकर काम कर रहे हैं।
अगले सप्ताह से एसबीआई के नोडल अधिकारी भी हरियाणा पुलिस की टीम के साथ मिलकर काम करेंगे। यह बैंक अधिकारी 24 घंटे हरियाणा पुलिस की टीम के साथ काम करने को तैयार हैं।
साइबर अपराधियों की गिरफ्तारी को टारगेट तय करें
पुलिस महानिदेशक ने अधिकारियों से कहा कि साइबर अपराध नियंत्रण को लेकर अपराधी की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत रहें और अपने अधीनस्थ अधिकारियों को टारगेट दें। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
कपूर ने कहा कि साइबर अपराध नियंत्रण को लेकर हम सभी को एक दिशा में प्रभावी कार्ययोजना के तहत काम करना होगा, तभी इसके परिणाम अधिक बेहतर आएंगे। कॉन्फ्रेंस में एसपी साइबर अमित दहिया ने साइबर अपराधियों द्वारा साइबर फ्राड के लिए अपनाए जाने वाले तरीकों एवं जांच करने के तकनीकी पहलुओं के बारे में विस्तार से बताया।
रिजर्व बैंक की गाइडलाइंस पर भी हुई बातचीत
अमित दहिया ने आई4सी के समन्वय पोर्टल, एम कवच मोबाइल ऐप, एंटी वायरस तथा अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में जानकारी दी। कॉन्फ्रेंस में उन्होंने आरबीआई गाइडलाइंस तथा इंटरनेट के माध्यम से होने वाले अपराधों पर भी चर्चा की।
इसके अलावा डिजिटल अरेस्ट, इन्वेस्टमेंट फ्राड, क्रिप्टोकरंसी फ्राड, अंतरराष्ट्रीय फ्राड काल्स, एनसीआरपी व समन्वय पोर्टल, बैंक नोडल अधिकारियों के साथ तालमेल स्थापित करने सहित कई विषयों पर कॉन्फ्रेंस में चर्चा की गई। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक साइबर ममता सिंह और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ईआरएसएस हरदीप दून ने भी अपने अनुभव साझा किए।